हैदराबाद से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।

मैलारदेवपल्ली पुलिस को चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 24 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद और एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अनिल नागोराव कांबले के रूप में हुई है, जो लेबर हेल्पर के तौर पर काम करता है।
मामला कट्टेदान स्थित हर्ष बेकर्स बिस्किट कंपनी का है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात करीब 7 बजकर 10 मिनट पर कंपनी के कैशियर ने ऑफिस के लॉकर में करीब 24 से 25 लाख रुपये रखे थे। इसके बाद ऑफिस को लॉक कर चाबी सिक्योरिटी गार्ड को सौंप दी गई।
अगली सुबह 1 सितंबर को करीब 8 बजे, स्टाफ ने ऑफिस पहुंचकर देखा कि दरवाजा, अलमारी और लॉकर टूटा हुआ था और लॉकर में रखा कैश गायब था।
इसके बाद मैलारदेवपल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसके घर से 24 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद और एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अनिल नागोराव कांबले पहले हर्ष बेकर्स कंपनी में काम कर चुका था।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई डीसीपी राजेंद्र नगर श्री एस. श्रीनिवास, आईपीएस की निगरानी में, एसीपी चंद्रायनगुट्टा श्री ए. सुधाकर और एसएचओ मैलारदेवपल्ली पुलिस स्टेशन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।
कैमरामैन के साथ,
नासिर सिद्दीकी की रिपोर्ट
नई दिशा टेलीविज़न
सच • सेवा • जनहित।

