बलरामपुर में शादी का सरकारी अनुदान दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे ₹15 हजार के इनामी आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संतोष कुमार वर्मा पर आरोप है कि उसने शादी का ₹1.50 लाख का सरकारी अनुदान दिलाने के नाम पर पीड़िता से आधार कार्ड लेकर अंगूठा लगवाया और उसके खाते से अलग-अलग बार में कुल ₹1 लाख 32 हजार रुपये निकाल लिए।
इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसके खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी जारी था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने ₹15 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तुलसीपुर रोड स्थित बिजलीपुर गांव के मोड़ के पास निर्माणाधीन हाईवे से आरोपी संतोष कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल अहमद हुसैन और कांस्टेबल सूरज सिंह शामिल रहे।

