केसारा में ₹5 लाख के कथित रिश्वत मामले पर ACB का बड़ा एक्शन #तेलंगाना

केसारा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
तेलंगाना के केसारा पुलिस स्टेशन में कथित ₹5 लाख रिश्वत मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो यानी ACB ने बड़ी कार्रवाई की है।
ACB के मुताबिक, पुलिस इंस्पेक्टर अरकापल्ली अंजनेयुलु और सब-इंस्पेक्टर द्यापा ज्ञानेंद्र रेड्डी को कथित रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि ACB की ट्रैप कार्रवाई के दौरान सब-इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र रेड्डी को कथित तौर पर ₹5 लाख की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
ACB के अनुसार, यह रकम इंस्पेक्टर अंजनेयुलु के निर्देश पर लिए जाने का आरोप है।
आरोप है कि यह रकम पुलिस स्टेशन से बेल दिलाने और शिकायतकर्ता तथा उसके दोस्त को मामले में कथित तौर पर परेशान नहीं करने के बदले मांगी गई थी।
ACB के मुताबिक, ट्रैप के दौरान कथित रिश्वत की रकम बरामद की गई और दोनों पुलिस अधिकारियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायिक हिरासत के लिए पेश किया गया।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
लेकिन ACB की इस कार्रवाई के बाद केसारा में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली।
पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कथित रिश्वत मामले में कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद केसारा के स्थानीय लोगों ने पुलिस स्टेशन के बाहर पहुंचकर पटाखे फोड़कर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की।
पुलिस स्टेशन के बाहर लोगों की मौजूदगी और पटाखे फोड़ने का वीडियो भी सामने आया है।
हालांकि, इस पूरे मामले में सामने आए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
तेलंगाना से नई दिशा टेलीविजन के लिए
नासिर सिद्दीकी की रिपोर्ट।

